आईआईटी रुड़की के छात्रों ने प्राथमिक विद्यालय बेडपुर में बच्चों को सिखाए एआई के गुर
कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दी जानकारी, पढ़ाई में एआई के उपयोग से कराया परिचित
रुड़की। आईआईटी रुड़की के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्रों ने कम्युनिटी आउटरीच वर्क के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेडपुर पहुंचकर छात्र-छात्राओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और दैनिक जीवन में एआई के बढ़ते उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही पढ़ाई में एआई के प्रयोग और तकनीक के सुरक्षित एवं रचनात्मक उपयोग से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में आईआईटी रुड़की के छात्र सौरभ शर्मा, आदित्य रावत, अर्नव सिंगला, रोहन हेब्बाले और रीतिका आनंद ने बच्चों के साथ संवाद किया। उन्होंने एआई से जुड़े विभिन्न विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इकराम ने कहा कि तकनीक के इस दौर में बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही नई तकनीकों की जानकारी देना आवश्यक है। आईआईटी रुड़की के छात्रों की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कदम है।
सहायक अध्यापक संजय वत्स ने कहा कि एआई शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रहा है। बच्चों को उम्र और आवश्यकता के अनुरूप इसका रचनात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग सिखाने से उनकी सीखने की क्षमता, जिज्ञासा और सृजनात्मकता को बढ़ावा मिल सकता है।
सहायक अध्यापक नितिन कुमार ने कहा कि आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के विद्यार्थियों से संवाद बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है। इस तरह के कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आईआईटी रुड़की के छात्रों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को एआई के प्रति जागरूक करने के साथ यह समझाना है कि तकनीक का उपयोग केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से पढ़ाई, रचनात्मकता और समस्याओं का समाधान भी किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एआई आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अंत में विद्यालय के शिक्षकों ने आईआईटी रुड़की के छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की शैक्षिक गतिविधियां बच्चों के ज्ञान और सीखने के अनुभव को समृद्ध करने के साथ उन्हें भविष्य की तकनीकी दुनिया के लिए तैयार करने में सहायक हैं।

