उत्तराखंड

जनगणना में कोई भी परिवार न रहे वंचित, घर-घर जाकर सुनिश्चित करें शत-प्रतिशत गणना

स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों और आमजन को करें जागरूक: सीडीओ अशोक जोशी

पौड़ी। जनगणना-2026 के कार्यों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना में कोई भी परिवार शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के साथ घर-घर जाकर शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना के आंकड़े दो माध्यमों से एकत्रित किए जाएंगे। पहले माध्यम के तहत प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक जानकारी जुटाएंगे, जबकि दूसरे माध्यम में नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार के सभी सदस्यों की गणना स्वयं कर सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को स्व-गणना के प्रति लोगों को अधिक से अधिक प्रेरित करने के निर्देश दिए। कहा कि इससे जनगणना कार्य को सुगम बनाने के साथ प्रगणकों का समय भी बचाया जा सकेगा। नागरिक आधिकारिक पोर्टल **se.census.gov.in** पर जाकर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

सीडीओ ने बताया कि इससे पहले भवन गणना का कार्य किया जा चुका है। अब जनगणना के आगामी चरणों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाना है। उन्होंने शिक्षा विभाग और पॉलिटेक्निक संस्थानों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को एक स्थान पर एकत्रित कर उनके मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, प्रभारी मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *