पौड़ी में 95 लाख की लागत से बना इको एडवेंचर पार्क, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
10 साहसिक गतिविधियों के साथ कैफे, ओपन जिम और बच्चों के मनोरंजन की सुविधाएं विकसित, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर
पौड़ी। पौड़ी की खूबसूरत वादियों में पर्यटन और रोमांच का नया आकर्षण जुड़ गया है। जिला प्रशासन की पहल पर लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जिपलाइन का रोमांच लिया, वहीं महिलाओं की पारंपरिक झुमैलो और चौफला प्रस्तुतियों ने समारोह में लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे।

प्रकृति की खूबसूरत वादियों के बीच विकसित इस पार्क में पर्यटकों और साहसिक गतिविधियों के शौकीनों के लिए 10 तरह की गतिविधियां तैयार की गई हैं। इनमें नेट ब्रिज, लॉग टू लॉग ब्रिज, टनल, स्पेस वॉक, वॉल टू वॉल ब्रिज, मोगली ब्रिज, जिग-जैग ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग शामिल हैं। इसके अलावा यहां मड कैफे, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी शहर में लंबे समय से इस तरह के पर्यटन स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इको एडवेंचर पार्क के रूप में शहर को एक नया पर्यटन आकर्षण मिला है। उन्होंने कहा कि पार्क की सुरक्षा, स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यहां स्थानीय बच्चों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे भविष्य में वे प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी पहचान बना सकेंगे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से लगभग 95 लाख रुपये की लागत से इस पार्क को विकसित किया गया है। इसके निर्माण में वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने बताया कि पार्क में कैफे और साहसिक गतिविधियों के संचालन के लिए कार्मिक तैनात किए जाएंगे। सभी गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में संचालित होंगी और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस पार्क की परिकल्पना की गई और एक वर्ष से भी कम समय में इसे धरातल पर उतारा गया। इससे पौड़ी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय नागरिकों से पार्क का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पौड़ी में इस तरह की पर्यटन सुविधा की लंबे समय से जरूरत थी। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों से यह सपना साकार हुआ है। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ शहर के विकास को भी गति मिलेगी। वहीं, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने पार्क में स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखने की अपील की।
उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एसोसिएशन विभिन्न टूर ऑपरेटरों को पौड़ी के पर्यटन स्थलों और यहां विकसित सुविधाओं से परिचित कराएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें। उन्होंने पौड़ी को मसूरी और लैंसडाउन की तर्ज पर पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की बात कही। एसोसिएशन के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने पौड़ी में उत्तराखंड टूर कॉन्क्लेव आयोजित करने की बात भी कही।
समारोह के दौरान स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक झुमैलो और चौफला लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने स्वयं जिपलाइन कर साहसिक गतिविधियों की शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी जिपलाइन का आनंद लिया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेवानिवृत्त) ने पार्क के विकास के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया।
इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, कुलदीप गुसाईं, संस्कृति साहित्य कला समिति के सदस्य राकेश नौडियाल, वन पंचायत के पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी एवं संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पर्यटन व्यवसायी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने किया।

