ऋषिकेश

अयोध्या धाम से परमार्थ निकेतन पहुंचे संत रामदिनेश आचार्य, स्वामी चिदानंद के सान्निध्य में की गंगा आरती

छठ महापर्व को प्रकृति, संस्कृति, स्वास्थ्य और सूर्य उपासना का दिव्य उत्सव बताया, यमुना संरक्षण का भी दिया संदेश

ऋषिकेश। अयोध्या धाम से संत श्री रामदिनेश आचार्य जी महाराज सोमवार को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे। यहां परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती के पावन सान्निध्य में उन्होंने मां गंगा की दिव्य आरती में सहभाग किया। इस अवसर पर आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और नदियों की स्वच्छता का संदेश दिया गया। गंगा तट पर यमुना जी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर भी चर्चा हुई।

संत रामदिनेश आचार्य जी महाराज ने परमार्थ निकेतन की आध्यात्मिक दिव्यता, शांति और अलौकिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यह आश्रम भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और मानवता की सेवा का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि मां गंगा के प्रति स्वामी चिदानंद सरस्वती की श्रद्धा, समर्पण और सेवा भावना प्रेरणादायी है। उनके नेतृत्व में गंगा आरती के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि छठ महापर्व सनातन परंपरा का अत्यंत पावन पर्व है। यह भगवान सूर्य की उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जीवन के प्रति श्रद्धा का अनुपम उत्सव है। छठ पर्व हमें जल, सूर्य, पृथ्वी और प्रकृति के सभी तत्वों के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। यह पर्व अनुशासन, संयम, तपस्या और समर्पण के साथ प्रकृति एवं स्वास्थ्य के महत्व को भी दर्शाता है।

स्वामी चिदानंद ने कहा कि ‘हरि की कथा, हरित कथा’ का भाव यह है कि भगवान की आराधना और प्रकृति की रक्षा एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। ईश्वर की बनाई सृष्टि का सम्मान और संरक्षण करना भी आध्यात्मिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हरित जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति के प्रति प्रेम ही आध्यात्मिकता के वास्तविक आधार हैं।

उन्होंने कहा कि प्रकृति की चिंता करना मानवता की चिंता करना है और प्रकृति की सेवा करना मानवता की सेवा करना है। नदियों को स्वच्छ रखना, वृक्षों का संरक्षण करना और जल की रक्षा करना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जरूरी है।

इस दौरान छठ महापर्व के संदेश के साथ यमुना नदी के संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर प्रकृति के प्रति आस्था और संरक्षण का संकल्प लेते हुए अब यमुना जी की स्वच्छता एवं अविरलता के लिए भी सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है। छठ पर्व पर एक हठ की, अब यमुना जी की बारी है। उन्होंने संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण को मानव जीवन के संतुलन और कल्याण के लिए आवश्यक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *