स्काउट एवं गाइड के तृतीय सोपान जांच शिविर में विद्यार्थियों ने सीखे आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा के गुर
स्वच्छता संकल्प रैली निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश, हाइकिंग में भी लिया प्रतिभाग
ऋषिकेश। उत्तराखंड भारत स्काउट एवं गाइड, टिहरी गढ़वाल की ओर से श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला, मुनिकीरेती में पांच दिवसीय जनपद स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जनपद के सभी नौ विकासखंडों के विभिन्न विद्यालयों से चयनित स्काउट एवं गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं।

शिविर के प्रथम दिवस पंजीकरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दूसरे दिन प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार सहित विभिन्न सैद्धांतिक जानकारियां दी गईं। साथ ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। शिविर के तीसरे दिन चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा स्काउट एवं गाइड को तृतीय सोपान की विभिन्न गांठों का प्रशिक्षण दिया गया।
मंगलवार को हाइकिंग के साथ नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सहयोग से स्वच्छता संकल्प रैली निकाली गई। रैली में पालिका के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट और सभासद बबीता रमोला ने प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
शिविर का आयोजन टिहरी गढ़वाल की मुख्यायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर के संचालन में जिला सचिव बीपी सिंह यादव, जिलायुक्त आरसी रतूड़ी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त केएल शाह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड अनिता उनियाल, जिला संगठन आयुक्त गाइड अंजू रानी शर्मा, जिला संगठन आयुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठन आयुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, जिला सह प्रशिक्षण आयुक्त प्रेम सिंह राणा, कोषाध्यक्ष बिरेंद्र कुड़ियाल, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटीजेंट लीडर सहयोग कर रहे हैं।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर अनुशासन, सेवा भावना, स्वच्छता और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

