पौड़ी

जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि जांच और अन्य कार्रवाई से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व में जनता दर्शन में दर्ज शिकायतों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

जनता दर्शन में दो वर्ष पुराने पशुक्षति के मामले में अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कर प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि संबंधित दस्तावेज विभागीय स्तर पर खो गए हैं तो इसकी जिम्मेदारी भी वन विभाग की होगी।

बीजीआर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दो दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को तत्काल समन्वय स्थापित कर उसी दिन लाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कोटद्वार में खोह नदी के समीप पुश्ता ढहने के मामले में तत्काल कार्य शुरू करने तथा खोला गांव में लाइनमैन की अन्यत्र ड्यूटी लगाए जाने से उत्पन्न समस्या पर स्थानीय स्तर पर कर्मचारी तैनात करने को कहा। कोटद्वार में टेलीफोन के तार झूलने की शिकायत पर भी संबंधित विभाग को मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क, बिजली और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने पूर्व में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को धरातल पर राहत मिलनी चाहिए।

इसी क्रम में समस्त कांडई गांव के ग्रामीणों की माता मंदिर मार्ग पर सीवेज का गंदा पानी बहने की शिकायत पर नगर पालिका की जांच में एक आवासीय भवन के सोक पिट से रिसाव पाया गया। इस पर संबंधित व्यक्ति को नगर पालिका अधिनियम की धारा 376 के तहत नोटिस जारी किया गया है। पौड़ी गांव में पेयजल रिसाव, क्षतिग्रस्त नालियों और आवारा सुअरों से संबंधित शिकायतों का नगर पालिका एवं जल संस्थान ने निस्तारण कर दिया है।

यमकेश्वर के गुमालगांव में वन्यजीवों के आतंक की शिकायत पर वन विभाग ने पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ा, जबकि लंगूर को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा गया। कल्जीखाल के फल्दा मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। द्वारीखाल में किसान पेंशन से संबंधित शिकायत पर ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई गई। वहीं, हिंसरिया मोहल्ले में बदरीनाथ धर्मशाला के आसपास खुले में सुअर छोड़े जाने की शिकायत पर नगर पालिका ने तीन सुअर पालकों को नोटिस जारी कर सुअरों को निर्धारित बाड़े में रखने के निर्देश दिए हैं।

जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *