पौड़ी

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर मंथन, तथ्यों को प्राथमिकता देने पर जोर

पौड़ी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को पौड़ी में ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, खबरों की प्रस्तुति और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता में सनसनी फैलाने के बजाय तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा ने प्रेस की स्वतंत्रता और वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों पर विचार रखते हुए कहा कि खबरों को सनसनीखेज बनाने के लिए कई बार भ्रामक शीर्षकों का इस्तेमाल किया जाता है। समाचार का शीर्षक उसकी वास्तविकता और गंभीरता के अनुरूप होना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन उनियाल ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए खबरों का प्रकाशन करने से पहले तथ्यों की पुष्टि आवश्यक है। पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ समाचारों का प्रसारण करना चाहिए।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार कुलदीप बिष्ट ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं होनी चाहिए। पत्रकारों को आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए।

जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारिता के मूल्यों, स्वतंत्रता और जिम्मेदारियों पर आत्ममंथन का अवसर है। वर्तमान समय में सूचनाओं का प्रसार तेजी से हो रहा है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मक पुष्टि जरूरी है। उन्होंने कहा कि खबरों को सनसनीखेज बनाने के बजाय उनकी वास्तविकता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रह सकता है।

उन्होंने पत्रकारों से समाज की समस्याओं के साथ-साथ विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पत्रकार अजय रावत, बीपी बलोदी, मनोहर बिष्ट, जगमोहन डांगी, जसपाल नेगी, मुकेश आर्या, सिद्धांत उनियाल, प्रदीप नेगी, गणेश नेगी, मुकेश बछेती, पंकज रावत, दीपक बड़थ्वाल, करन नेगी, महेंद्र नेगी, अंकित उनियाल, गब्बर भंडारी, भगवान सिंह, विजय बहुगुणा, दीपक नौडियाल, जगत किशोर बड़थ्वाल, विजेंद्र नेगी, प्रदीप बंसल सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *