नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
जन्म के तुरंत बाद देखभाल, स्तनपान और संक्रमण से बचाव के उपायों की दी गई जानकारी
पौड़ी। नवजात शिशुओं को जीवन के शुरुआती दिनों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में नवजात शिशु सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगामी 21 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों और आमजन को नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल के प्रति जागरूक किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने किया। उन्होंने कहा कि नवजात अवस्था में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं की समय पर पहचान और उचित उपचार बेहद जरूरी है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ ही नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाले शिशुओं की समयबद्ध पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर निगरानी और प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन से शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।
इस दौरान जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपानी ने स्वास्थ्य कर्मियों को जन्म के तुरंत बाद नवजात की देखभाल, कंगारू मदर केयर, स्तनपान, टीकाकरण और संक्रमण से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने शिशुओं में खतरे के संकेतों की पहचान, समय पर उपचार और आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
प्रशिक्षण में जिले की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, चिकित्सा अधिकारियों और नर्सिंग अधिकारियों ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. राजनंदिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

