पौड़ी

पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया पौड़ी शरदोत्सव का शुभारंभ, विद्यालयों की झांकियों ने मोहा मन

स्थानीय प्रतिभाओं को मंच और उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में महोत्सवों की अहम भूमिका : तीरथ सिंह रावत

पौड़ी। नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव का सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। वहीं, विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रूट मार्च पास्ट निकालकर अनुशासन और उत्साह का परिचय दिया। मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, संस्कृति और हुनर प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने तथा बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं और स्थानीय उत्पादों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक सोच के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी करने की अपील की। कहा कि युवा पीढ़ी देश और समाज का भविष्य है, इसलिए उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग बेहतर भविष्य के निर्माण में करना चाहिए।

वहीं, शरदोत्सव के तहत आयोजित वार्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के पहले मैच में वार्ड संख्या आठ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या सात की टीम को 5-0 से करारी शिकस्त दी।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *