उद्यमियों और स्टार्टअप को निवेश का अवसर देगा ‘देवभूमि पिचाथॉन-2026’
21 से 23 नवंबर तक स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट में होगा आयोजन, निवेशकों के सामने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने का मिलेगा मौका
पौड़ी। जनपद के उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और औद्योगिक इकाइयों को अपने व्यवसाय के विस्तार और निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए ‘देवभूमि पिचाथॉन-2026’ के रूप में एक महत्वपूर्ण मंच मिलने जा रहा है। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से 21 से 23 नवंबर तक यमकेश्वर क्षेत्र के स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट में इस तीन दिवसीय आयोजन का आयोजन किया जाएगा।

पिचाथॉन में प्रतिभागियों को अपने व्यावसायिक विचारों, नवाचारों और उत्पादों को सीधे निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह मंच विशेष रूप से उन उद्यमियों और स्टार्टअप के लिए उपयोगी होगा, जो अपने व्यवसाय का विस्तार करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, परिचालन व्यवस्था बेहतर बनाने और उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने की योजना बना रहे हैं।
आयोजन में पंजाब एंजेल्स नेटवर्क सहयोगी के रूप में निवेशकों और संभावनाशील उद्यमों के बीच संपर्क स्थापित करने में सहयोग करेगा। वहीं, मेंटरिंग पार्टनर मेंटरएक्स के विशेषज्ञ उद्यमियों को व्यावसायिक प्रस्ताव तैयार करने, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और निवेश हासिल करने की तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को निवेशकों के समक्ष अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने, वेंचर कैपिटल सहित विभिन्न वित्तपोषण विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने, विशेषज्ञों से परामर्श लेने और उद्योग जगत के प्रमुख लोगों के साथ संपर्क विकसित करने का अवसर मिलेगा।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने जनपद के इच्छुक उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों एवं औद्योगिक इकाइयों से इस आयोजन में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच उद्यमियों को अपने नवाचार और व्यावसायिक संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ ही कारोबार को आगे बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराते हैं।
इच्छुक उद्यमी एवं औद्योगिक इकाइयां पंजीकरण और पिचिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट **www.udyamgrowth.com** पर आवेदन कर सकते हैं। जिला उद्योग केंद्र ने अधिक से अधिक उद्यमियों से इस अवसर का लाभ उठाने और उत्तराखंड के उद्यमशीलता एवं स्टार्टअप परिवेश को मजबूत बनाने में सहभागी बनने की अपील की है।

