शरदोत्सव फुटबॉल प्रतियोगिता में वार्ड-03 की शानदार जीत, वार्ड-09 ने पेनाल्टी शूटआउट में मारी बाजी
पौड़ी। शरदोत्सव के तहत आयोजित वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मुकाबले में वार्ड संख्या 03 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या 06 को 7-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 09 ने पेनाल्टी शूटआउट में वार्ड संख्या 05 को 13-12 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया।

जिला प्रशासन एवं नगर पालिका पौड़ी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले का शुभारंभ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने किया। मैच में वार्ड संख्या 03 की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम को कोई मौका दिए बिना सात गोल दागकर एकतरफा जीत हासिल की।
वहीं, वार्ड संख्या 09 और वार्ड संख्या 05 के बीच खेला गया दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित समय तक 3-3 गोल किए। मुकाबला बराबरी पर समाप्त होने के बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें वार्ड संख्या 09 ने 13-12 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले का शुभारंभ पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने किया।
प्रतियोगिता के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, सभासदों एवं नगर पालिका के कार्मिकों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वार्डवार आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं का बढ़ता उत्साह और टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

