बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर हल्दूखाता में बहुउद्देशीय शिविर, 44 प्रमाण पत्र जारी
बोक्सा जनजाति के लोगों को एक ही स्थान पर मिली सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की सुविधा, 10 किसानों को बांटे बीज
कोटद्वार। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर कोटद्वार तहसील के हल्दूखाता स्थित एवीएन स्कूल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित शिविर में बोक्सा जनजाति के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में राजस्व विभाग की ओर से 39 स्थायी निवास और पांच जाति प्रमाण पत्र सहित कुल 44 प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए।

शिविर की अध्यक्षता हिमालयन जनजातीय समिति की अध्यक्ष प्रभा देवी ने की। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, पार्षद जेपी बहुखंडी और पार्षद मनीष नैथानी ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया।
शिविर में राजस्व, कृषि और डाक सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सेवाएं उपलब्ध कराईं। राजस्व विभाग ने 44 प्रमाण पत्र जारी किए, जबकि कृषि विभाग ने 10 किसानों को बीज वितरित किए। डाक विभाग की ओर से आधार कार्ड बनाने और आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के माध्यम से जनजातीय समुदाय के लोगों को विभिन्न विभागों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
कार्यक्रम के दौरान बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और जनजातीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा तथा जनजातीय समाज के स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने के साथ ही उनके सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति संकल्प दोहराने का अवसर है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम काजल सैनी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल, बोक्सा समुदाय की दीपा देवी, उषा देवी, महेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह पाल ने किया।

