पौड़ी

पौड़ी के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन

12 गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे स्वास्थ्य केंद्र, प्रत्येक को मिलेगी दो लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि

पौड़ी। जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। पौड़ी जिले के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्रदान किया गया है। इन केंद्रों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं से जुड़े निर्धारित 12 मानकों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

प्रमाणन मिलने से इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, पूर्ण टीकाकरण, बाल स्वास्थ्य देखभाल तथा गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की स्क्रीनिंग जैसी सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा। इसके साथ ही प्रत्येक प्रमाणित उपकेंद्र को दो लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी। इस धनराशि से केंद्रों में दवाइयों, आवश्यक संसाधनों और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।

स्वास्थ्य उपकेंद्र बिशल्ड की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मोनिका रावत ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन मिलने से केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। प्रोत्साहन राशि से आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों में वृद्धि की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

एएनएम मेनका ने बताया कि प्रमाणन मिलने के बाद केंद्र में दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं और आवश्यक जांच के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि जनपद के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों को पूरा कर यह प्रमाणन हासिल किया है। इन केंद्रों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *