हरिद्वार

यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण, यह त्याग, सेवा और समर्पण की साधना है : स्वामी चिदानन्द सरस्वती

हरिद्वार। आर्य समाज बीएचईएल सेक्टर, हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित त्रिदिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ एवं 31 कुण्डीय महायज्ञ का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने यज्ञ, वैदिक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को सेवा एवं समर्पण का संदेश दिया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण है। यज्ञ केवल अग्नि में आहुति देने की परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, स्वार्थ और नकारात्मक विचारों को समर्पित कर जीवन को पवित्र बनाने की साधना है। यज्ञ हमें त्याग, सेवा, समर्पण, सह-अस्तित्व और लोकमंगल की प्रेरणा देता है। हमारा जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के कल्याण के लिए भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सामवेद भारतीय वैदिक परंपरा का दिव्य स्वर है, जिसमें मंत्र, संगीत, साधना और चेतना का अद्भुत समन्वय है। वैदिक मंत्र मनुष्य के भीतर सद्भाव, शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक जागरण का संचार करते हैं। इन मंत्रों की शिक्षाओं को केवल सुनने तक सीमित न रखकर जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए स्वामी जी ने कहा कि यज्ञ की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारा जीवन भी प्रकृति के संरक्षण के लिए समर्पित हो। धरती हमारी माता, नदियां जीवनधारा और वृक्ष प्राणों के रक्षक हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आर्य समाज ने वैदिक ज्ञान, सामाजिक जागरण, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रचेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचार आज भी समाज को सत्य, विवेक, समानता और नैतिकता का मार्ग दिखाते हैं। आर्य समाज की 62 वर्षों की यात्रा वैदिक आदर्शों के माध्यम से समाज को जागृत करने की सतत साधना है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय विद्यालंकार, आचार्य डॉ. श्री रामकृष्ण शास्त्री, ओपी बत्रा, डॉ. बलवीर तलवार, मदन सिंह, राकेश गुप्ता, सूर्य प्रकाश, शिखा चौहान, आदर्श भट्ट सहित अनेक विद्वान, गणमान्य व्यक्ति, श्रद्धालु एवं आर्य समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

त्रिदिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ एवं 31 कुण्डीय महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ विश्व कल्याण, शांति, समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन ने वैदिक संस्कृति के संरक्षण, आध्यात्मिक जागरण और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *