पौड़ी

कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू को मिलेगा पर्यटन का नया स्वरूप, विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 20 नवंबर तक विस्तृत आगणन प्रस्तुत करने के दिए निर्देश, धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ बढ़ेंगी पर्यटक सुविधाएं और रोजगार के अवसर

पौड़ी। जनपद के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम, प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर और यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को आकर्षक पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 20 नवंबर तक विस्तृत कार्ययोजना एवं आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कण्वाश्रम के विकास को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि इसकी पौराणिक कथाओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और धार्मिक महत्व को विकास योजना का मुख्य आधार बनाया जाए। यहां आने वाले पर्यटकों को इस पावन स्थल की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने के लिए परिसर को कलात्मक और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए प्रस्तावित विकास कार्यों का त्रिआयामी (थ्रीडी) डिजाइन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। योजना के तहत नहर किनारे पहाड़ी पत्थरों का उपयोग, बैठने के लिए बेंच, रास्तों का सुधारीकरण, आकर्षक सूचना पट्ट, सेल्फी प्वाइंट, सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधा और प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा पुराने मंदिर और चौकीघाटा क्षेत्र में विश्राम स्थल एवं घाट विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। योजना में स्थानीय नागरिकों और हितधारकों के सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।

वहीं, ताड़केश्वर मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में शौचालय और दीवारों की मरम्मत, भूमि कटाव प्रभावित स्थानों का सुधारीकरण, प्राकृतिक शैली में पैदल मार्ग का विकास, रेलिंग निर्माण, रंग-रोगन और आकर्षक सूचना पट्ट लगाना शामिल है। मंदिर के प्रवेश द्वार को नया स्वरूप देने के साथ ही लोहे की बेंच के स्थान पर लकड़ी की बेंच लगाने के निर्देश दिए गए। पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण रोकने और संबंधित भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ताड़केश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए।

इसी क्रम में यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क का भी कायाकल्प किया जाएगा। यहां पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत सुरक्षा दीवार निर्माण, रेलिंग मरम्मत, बेंच लगाने, शौचालयों का सुधारीकरण, पाथवे निर्माण, सेल्फी प्वाइंट, विद्युत सौंदर्यीकरण, अस्थायी दुकानों और चेंजिंग रूम की व्यवस्था प्रस्तावित है। क्षेत्र में वाटर बोट संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इसके लिए संबंधित नगर निकाय से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने की बात कही गई।

सिरासू में पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में होमस्टे संचालन और पर्यटन आधारित स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए शिविर आयोजित किया गया है। वहीं खंड विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि 20 नवंबर से 20 महिलाओं के लिए मेकअप आर्टिस्ट प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही फोटोग्राफी प्रशिक्षण भी प्रारंभ किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाएं संबंधित स्थलों की प्राकृतिक विशेषताओं, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू का योजनाबद्ध विकास होने से जनपद के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय व्यवसायियों, युवाओं तथा ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मनोज इष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *