पौड़ी शरदोत्सव में वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, वार्ड 4 ने 5-0 से दर्ज की शानदार जीत
पौड़ी। पौड़ी में आयोजित शरदोत्सव 2026 के तहत शनिवार को वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व ब्लॉक प्रमुख पौड़ी दीपक खुगसाल ने किया।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला वार्ड संख्या 4 और वार्ड संख्या 2 की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में वार्ड संख्या 4 की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या 2 को 5-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 10 और वार्ड संख्या 7 की टीमों के बीच मैच होना निर्धारित था, लेकिन वार्ड संख्या 10 की टीम के खिलाड़ी मैदान में उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते वार्ड संख्या 7 को वॉकओवर के आधार पर विजेता घोषित किया गया।
शरदोत्सव के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, वार्ड स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना तथा आपसी मेलजोल और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

