पौड़ी

मां धारी देवी मंदिर के समीप बनेगी दो मंजिला आधुनिक पार्किंग, 100 वाहनों की होगी क्षमता

0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत परियोजना पर कार्यवाही तेज; भूमि हस्तांतरण और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार

पौड़ी। प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए ग्राम कलियासौड़ में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार, प्रस्तावित पार्किंग के लिए चिह्नित भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है।

योजना के तहत करीब 20 मीटर गुणा 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें लगभग 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। भूमि का जीआईएस तकनीक के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जा चुका है और निर्धारित शर्तों के अधीन इसे पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।

परियोजना के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी गतिमान है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी ने कार्यदायी संस्था नामित करने के संबंध में सचिव आवास, उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा है। संस्था नामित होने के बाद स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराकर निर्माण की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

हालांकि, परियोजना के धरातल पर उतरने से पहले भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। अभिलेखों में चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है, जिसका प्रबंधन वर्तमान में अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर कर रही है। भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किया जाना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी।

गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की संख्या बढ़ने से पार्किंग और यातायात व्यवस्था चुनौती बन जाती है। ऐसे में प्रस्तावित आधुनिक पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियोजित पार्किंग से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *