ऋषिकेश

चंद्रेश्वर पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर लगा बाल मेला, बच्चों ने सजाए आकर्षक स्टॉल

ऋषिकेश। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार, 14 नवंबर को चंद्रेश्वर पब्लिक स्कूल ऋषिकेश में बाल मेले का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रमोद कुमार शर्मा ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में सामाजिक आत्मीयता और सहयोग की भावना विकसित होती है। किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन के व्यावहारिक पहलुओं को सीखने और समझने का अवसर भी मिलता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देते हैं।

बाल मेले में विद्यार्थियों ने फ्रूट चाट, भेलपुरी, चना-मुरमुरे, झालमुड़ी, इडली-सांभर सहित जनरल मर्चेंट की दुकान के स्टॉल सजाए। विद्यालय के अभिभावकों ने भी मेले में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके स्टॉल से खरीदारी की।

मेले की विशेष बात यह रही कि बच्चों ने स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा। प्रत्येक स्टॉल पर कूड़ेदान की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने स्वयं साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ही अभिभावकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम की संयोजक एवं वरिष्ठ शिक्षिका मोनिका अरोड़ा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ ही उनका उत्साहवर्धन किया। मेले में पहुंचे अभिभावकों ने बच्चों की पहल और विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं पुष्पा चौहान, दीपशिखा, अर्चना पांडेय, पूजा यादव, कविता, कुमकुम और रंजू शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *