अप्रैल से अक्टूबर तक पौड़ी में 2,698 नए लाभार्थियों को मिली पेंशन
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना के लाभ से न रहे वंचित
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अप्रैल से अक्टूबर तक समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 2,698 नए लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, इस अवधि में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सर्वाधिक 2,307 लाभार्थियों को जोड़ा गया। वहीं किसान पेंशन योजना के अंतर्गत 191 तथा दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 200 नए लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया गया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और स्वीकृत लाभार्थियों को निर्धारित समय पर पेंशन का भुगतान किया जाए। उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि विभाग की ओर से पेंशन लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के साथ ही नए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया लगातार जारी है। विभाग का प्रयास है कि पेंशन संबंधी प्रक्रिया सरल और सुगम रहे, ताकि समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

