उत्तिण्डा की रामलीला में सीता हरण लीला का भावपूर्ण मंचन, किशन कुमार के सेना में भर्ती होने की खुशी में परिवार ने बांटी जलेबी
द्वारीखाल। ग्राम उत्तिण्डा में आदर्श श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान शुक्रवार रात सीता हरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों का सजीव अभिनय कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

लीला में राम की भूमिका नीरज बलूनी, लक्ष्मण की संदीप रावत, सीता की प्रीति कोहली, शूर्पणखा की कशिश थपलियाल, रावण की सुनील भदोला, मारीच की मंगतराम बिन्जोला, खर की ध्रुव सिंह रावत तथा दूषण की भूमिका पवन सिंह रावत ने निभाई। मंचन का संचालन डॉ. मनीष जुगरान ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवकिशोर नेगी उर्फ मदरासी भाई, पूर्व प्रधान ग्राम कुल्हाड़ ने उपस्थित दर्शकों को मिष्ठान वितरित किया। विशिष्ट अतिथियों में एडवोकेट चंद्रमोहन, प्रधान ग्राम बंदीला तथा हेमचंद, प्रधान ग्राम पंचायत कून्तणी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम उत्तिण्डा निवासी किशन कुमार के भारतीय सेना में भर्ती होने की खुशी में उनके परिवार की ओर से जलेबी वितरित की गई। ग्रामीणों ने किशन कुमार की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान रामलीला समिति के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


