डिजिटल विपणन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनेंगे युवा, 25 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र
कोटद्वार। डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से संचालित तीन माह के उन्नत डिजिटल विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूड़ी भूषण ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 25 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में डिजिटल विपणन का ज्ञान युवाओं, उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। डिजिटल मंचों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों के प्रभावी उपयोग से स्थानीय उद्यमी अपने उत्पादों एवं सेवाओं को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यवसाय को नई पहचान दिलाने में भी सहायक हैं।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि तीन माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों एवं व्यवसायों से जुड़े 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षक विवेक जदली ने प्रतिभागियों को डिजिटल विपणन के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल मंचों का प्रभावी उपयोग, ऑनलाइन पहचान निर्माण, सामाजिक माध्यमों से विपणन, ऑनलाइन प्रचार-प्रसार तथा डिजिटल तकनीकों के माध्यम से व्यवसाय को आगे बढ़ाने के गुर सिखाए गए।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों में दक्ष बनाना है, ताकि वे अपने व्यवसाय और उद्यमों को डिजिटल पहचान दिलाने के साथ बाजार तक अपनी पहुंच बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के पूर्व महाप्रबंधक नरसिंह कर्णवाल, प्रबंधक राजेंद्र आर्य, सहायक प्रबंधक सलोनी नेगी एवं रिंकी कुकरेती, नीरज बंगारी तथा सिडकुल निर्माता संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सिडकुल निर्माता संघ, ग्रोथ सेंटर सिगड्डी के सचिव विवेक चौहान ने किया।

