पौड़ी में हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा का सौंदर्यीकरण, डमरू हॉल के नीचे 150 वाहनों की पार्किंग शुरू
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया दोनों कार्यों का शुभारंभ, शहर की विरासत संरक्षण और यातायात सुधार की दिशा में पहल
पौड़ी। शहर की ऐतिहासिक विरासत को संवारने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने जिला कार्यालय के समीप स्थित हिमालय पुत्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही डमरू हॉल के नीचे विकसित दुपहिया वाहन पार्किंग का भी शुभारंभ किया गया।

हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान प्रतिमा स्थल की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने इसके सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए थे। इसके लिए जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से 4.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। कार्य की जिम्मेदारी नगर पालिका पौड़ी को सौंपी गई थी। इसके तहत प्रतिमा स्थल पर छत निर्माण, रेलिंग, फ्लोरिंग सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए हैं।
शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, सभासदों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय नागरिकों ने प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण को शहर की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
इसके बाद डमरू हॉल के नीचे विकसित दुपहिया वाहन पार्किंग का शुभारंभ किया गया। इस पार्किंग में एक समय में करीब 150 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इससे शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यापार सभा के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए दुपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापारियों और आमजन का सहयोग जरूरी है। व्यवस्थित पार्किंग से जाम की समस्या कम होगी तथा स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पौड़ी को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

