अंतर्राष्ट्रीय

होरासिस ग्लोबल समिट में साध्वी भगवती सरस्वती ने दिया शांति, नारी नेतृत्व और विश्व कल्याण का संदेश

वैश्विक मंच पर भारतीय अध्यात्म और सनातन दर्शन की सशक्त अभिव्यक्ति, तीन महत्वपूर्ण सत्रों में रखे विचार

मेडेलिन (कोलंबिया)। परमार्थ निकेतन की डा. साध्वी भगवती सरस्वती जी ने कोलंबिया के मेडेलिन में आयोजित होरासिस ग्लोबल समिट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शांति, नारी नेतृत्व और मानवता के साझा भविष्य पर प्रेरक उद्बोधन दिया। विश्वभर के प्रमुख उद्योगपतियों, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, सरकारी प्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र के नेतृत्वकर्ताओं के बीच उन्होंने आध्यात्मिक जगत का प्रतिनिधित्व किया।

समिट के तीन महत्वपूर्ण सत्रों में सहभागिता करते हुए साध्वी भगवती सरस्वती जी ने कहा कि विश्व का भविष्य केवल आर्थिक शक्ति, तकनीकी प्रगति और राजनीतिक सामर्थ्य से निर्धारित नहीं होगा, बल्कि इसके लिए मानवीय चेतना, करुणा, आपसी सम्मान और सामूहिक उत्तरदायित्व भी आवश्यक हैं।

समिट के पहले प्रमुख सत्र ‘पावर, पीस एंड द फ्यूचर ऑफ ग्लोबल ऑर्डर’ में उन्होंने शक्ति, शांति और वैश्विक व्यवस्था के संबंधों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वास्तविक शांति केवल शक्ति और प्रभुत्व से स्थापित नहीं हो सकती। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर शांति, करुणा और सह-अस्तित्व की भावना विकसित करनी होगी। भारतीय दर्शन का मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ आज की वैश्विक चुनौतियों के समाधान का मार्ग दिखाता है।

उन्होंने कहा कि शांति की अपेक्षा केवल सरकारों और विश्व नेताओं से करना पर्याप्त नहीं है। इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति के विचारों, व्यवहार, संबंधों और जीवनशैली से होती है। जब व्यक्ति के भीतर शांति और करुणा का भाव विकसित होगा, तभी विश्व में स्थायी शांति की नींव मजबूत होगी।

समिट के विशेष सत्र ‘विमेन बिल्डिंग टुमारो’ में साध्वी भगवती सरस्वती जी ने नारी नेतृत्व और महिला सशक्तीकरण पर विचार व्यक्त किए। इस सत्र में इक्वाडोर की पूर्व राष्ट्रपति रोसालिया आर्टेगा सहित विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं ने सहभागिता की। साध्वी जी ने नारी शक्ति को परिवार, समाज और विश्व के भविष्य को दिशा देने वाली सृजनात्मक शक्ति बताया। मां दुर्गा के स्वरूप का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नारी में सृजन, संरक्षण, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की अद्भुत क्षमता है। समावेशी और संवेदनशील समाज के निर्माण में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समिट के समापन सत्र ‘बिल्डिंग कॉमन ग्राउंड’ में उन्होंने अपने आध्यात्मिक संदेश और आशीर्वचनों के माध्यम से वैश्विक नेतृत्व को मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल किसी पद या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे निर्णय और दृष्टिकोण भी नेतृत्व को परिभाषित करते हैं। हमें विचार करना होगा कि हम अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी दुनिया का निर्माण कर रहे हैं।

साध्वी भगवती सरस्वती जी ने कहा, “जैसी दृष्टि, वैसी सृष्टि। हमारी दृष्टि ही हमारे भविष्य का निर्माण करती है। हमें स्वयं से पूछना होगा कि क्या हम प्रकृति को मां के रूप में देखते हैं या केवल संसाधन के रूप में? जिस दिन हमारी दृष्टि बदल जाएगी, उस दिन हमारी सृष्टि भी बदलने लगेगी। यदि हम धरती को मां और पवित्र धरोहर के रूप में देखेंगे, तो हमारा व्यवहार, हमारी नीतियां और हमारे निर्णय भी बदल जाएंगे।”

होरासिस ग्लोबल समिट में उनकी सहभागिता ने वैश्विक विमर्श के बीच भारतीय अध्यात्म, सनातन संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम् के शाश्वत दर्शन को प्रभावशाली अभिव्यक्ति दी। उन्होंने संदेश दिया कि शांति केवल समझौतों से नहीं, बल्कि मानवीय चेतना से आती है। इसी तरह बेहतर भविष्य का निर्माण हमारी दृष्टि, सोच और दैनिक जीवन के निर्णयों से होता है।

इस वैश्विक आयोजन में पराग्वे के मार्टिन बर्ट, जिम्बाब्वे की पूर्व मंत्री सेकाई हॉलैंड, इक्वाडोर की पूर्व राष्ट्रपति रोसालिया आर्टेगा, कोलंबिया की कैमिला उरीबे विला, अमेरिका की वैलेंटिना जॉर्डन, नीदरलैंड की डैफ्ने लान, कोलंबिया की जेनी लिंडो, ब्रिटेन की जो-जो मेहता, ब्राजील के मार्सेलो जुफो, हांगकांग के बेंजामिन जे. बटलर, होरासिस के अध्यक्ष फ्रैंक-युर्गेन रिक्टर सहित विभिन्न देशों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की। साध्वी भगवती सरस्वती जी की उपस्थिति ने इस आयोजन में भारतीय आध्यात्मिक दृष्टिकोण को वैश्विक पहचान दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *