पौड़ी

पौड़ी जिले में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के 336 कार्यों के लिए 6.51 करोड़ रुपये स्वीकृत

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दी मंजूरी, क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं, सड़कों और सिंचाई परिसंपत्तियों की होगी मरम्मत

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में आपदा से क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6 करोड़ 51 लाख 8 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राज्य आपदा मोचन निधि और आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत विभिन्न विभागों के कुल 336 कार्यों को मंजूरी दी है।

स्वीकृत धनराशि में राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 307 कार्यों के लिए 4 करोड़ 71 लाख 63 हजार रुपये तथा आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत 29 कार्यों के लिए 1 करोड़ 79 लाख 45 हजार रुपये शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, पुनर्निर्माण और सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।

विभागवार स्वीकृत धनराशि के तहत पेयजल निगम कोटद्वार के 13 कार्यों के लिए 21.49 लाख रुपये, पेयजल निगम श्रीनगर के छह कार्यों के लिए 9.79 लाख रुपये तथा पेयजल निगम पौड़ी के तीन कार्यों के लिए 4.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सिंचाई खंड दुगड्डा के 106 कार्यों के लिए 1 करोड़ 72 लाख रुपये और सिंचाई खंड श्रीनगर के 18 कार्यों के लिए 28.80 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा जल संस्थान कोटद्वार के 45 कार्यों के लिए 64.80 लाख रुपये तथा जल संस्थान पौड़ी के एक कार्य के लिए 1.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माण खंड पौड़ी के तीन कार्यों के लिए 13.10 लाख रुपये, निर्माण खंड श्रीनगर के चार कार्यों के लिए 14.80 लाख रुपये, निर्माण खंड लैंसडौन के चार कार्यों के लिए 37 लाख रुपये तथा निर्माण खंड दुगड्डा के एक कार्य के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं प्रांतीय खंड पौड़ी के 10 कार्यों के लिए 46.60 लाख रुपये और प्रांतीय खंड लैंसडौन के एक कार्य के लिए नौ लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

पीएमजीएसवाई बैजरो और श्रीनगर के एक-एक कार्य के लिए क्रमशः 14 लाख और 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही द्वारीखाल, यमकेश्वर, एकेश्वर, पोखड़ा, पौड़ी एवं बीरोंखाल सहित विभिन्न विकासखंडों के कुल 119 कार्यों के लिए 1 करोड़ 91 लाख 60 हजार रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि स्वीकृत कार्यों के पूरा होने से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसंपत्तियां दोबारा उपयोग योग्य बनेंगी और भविष्य में आपदा के प्रभावों को कम करने में भी सहायता मिलेगी।

उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए व्यक्तिगत क्षति का आकलन कर नियमानुसार तत्काल मुआवजा वितरण भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *