पौड़ी में 16 नवंबर से सजेगा तीन दिवसीय शरदोत्सव, खेल, संस्कृति और पर्यटन का दिखेगा संगम
14 नवंबर से शुरू होगी फुटबॉल प्रतियोगिता, नाइट सफारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे मुख्य आकर्षण
पौड़ी। पहाड़ की संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौड़ी में 16 से 18 नवंबर तक तीन दिवसीय शरदोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका पौड़ी की ओर से आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों, हितधारकों, नगर पालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी। वहीं, 16 से 18 नवंबर तक विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महोत्सव में फोटोग्राफी एवं पेंटिंग प्रदर्शनी, झांकियां, बेबी शो, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, मेहंदी, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और 16 नवंबर की शाम आयोजित होने वाली नाइट सफारी भी खास आकर्षण होगी।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि शरदोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित न रहे, बल्कि पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान दिलाने का माध्यम बने। उन्होंने आयोजन में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा।
नाइट सफारी के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से रूट प्लान, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय सुविधाएं एवं एम्बुलेंस उपलब्ध रखने, पुलिस और परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था संभालने तथा अन्य संबंधित विभागों को आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पौड़ी के पर्यटन को नई पहचान देने के उद्देश्य से ‘पौड़ी एक पहल’ के तहत पर्यटन विषयक गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों, खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताओं और पर्यटन विभाग को पर्यटन गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार, साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन और स्टॉल प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी की जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।
बैठक में एडीएम पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, डीडीओ रमेश चंद्र, जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, एआरटीओ मंगल सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ गोविंद सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पालिका सभासद, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

