उत्तिण्डा की रामलीला में भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन, राम-भरत के मिलन ने दर्शकों को किया भावविभोर
द्वारीखाल। ग्राम उत्तिण्डा में आदर्श रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान गुरुवार को भरत मिलाप की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और भरत के मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से भाई-भाई के प्रेम, त्याग, समर्पण और मर्यादा का सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मर्यादा पुरुषोत्तम रामलीला कमेटी बालावाला के अध्यक्ष गोपाल सिंह तड़ियाल रहे। उनके साथ कमेटी के पदाधिकारी सुनील भदोला, मंगतराम बिंजोला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम बखरोड़ी की नीलम रावत एवं ग्राम उत्तिण्डा के जगदीश सिंह मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल सिंह तड़ियाल का जन्मदिन भी विशेष रूप से मनाया गया। रामलीला के पात्रों एवं दर्शकों के बीच मूंगफली और जलेबी वितरित कर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वहीं ग्राम बंदीला के प्रवासी नागेंद्र सिंह नेगी ने दर्शकों को मूंगफली एवं जलेबी वितरित करने के लिए आर्थिक सहयोग भेजा।
भरत की भूमिका शिव सिंह, शत्रुघ्न की शुभम, भगवान राम की नीरज बलूनी, लक्ष्मण की संदीप सिंह रावत तथा माता सीता की भूमिका प्रीति कोहली ने निभाई। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने मंचन को जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, गिरीश सिंह, पवन सिंह रावत, अनूप सिंह रावत, रवींद्र सिंह रावत, विभांशु बलूनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं रामलीला प्रेमी उपस्थित रहे।

