ऋषिकेश

गुजरात से गंगा तट पर पहुंचा डायमंड ग्रुप्स परिवार, चार पीढ़ियों ने परमार्थ निकेतन में मनाया नूतन वर्ष स्नेह मिलन महोत्सव

ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर मां गंगा के तट स्थित परमार्थ निकेतन में गुजरात से आए डायमंड ग्रुप्स परिवार ने सात दिवसीय नूतन वर्ष स्नेह मिलन महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया। परमार्थ पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी के पावन सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में परिवार की चार पीढ़ियों ने एक साथ सहभागिता कर प्रेम, संस्कार, संस्कृति और पारिवारिक एकता का संदेश दिया।

महोत्सव के दौरान पांच दिवसीय दीपावली उत्सव भी मनाया गया। गुजरात की सांस्कृतिक समृद्धि और उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत के संगम के बीच परिवार के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने एक साथ समय बिताया तथा धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों में प्रतिभाग किया।

इस आयोजन की विशेषता रही कि डायमंड ग्रुप्स परिवार की चार पीढ़ियां एक साथ गंगा तट पर एकत्रित हुईं। वर्तमान समय में जहां व्यस्त जीवनशैली के कारण परिवारों को एक साथ समय बिताने के अवसर कम मिलते हैं, वहीं इस आयोजन ने पीढ़ियों के बीच आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और पारिवारिक संस्कारों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि परिवार ही संस्कारों की प्रथम पाठशाला है। धन, संपत्ति और व्यवसाय जीवन को सुविधाएं दे सकते हैं, लेकिन प्रेम, संस्कार, सद्भाव और आत्मीयता ही जीवन को सुंदर एवं सार्थक बनाते हैं। परिवार के वरिष्ठजन जीवन के सबसे मूल्यवान शिक्षक होते हैं। जब परिवार एक साथ बैठता है, प्रार्थना करता है और एक-दूसरे के सुख-दुःख साझा करता है, तब परिवार स्वयं प्रेम का तीर्थ बन जाता है।

श्री घनश्याम भाई शंकर ने कहा कि मां गंगा के पावन तट पर परमार्थ निकेतन में बिताए गए पल परिवार के लिए जीवनभर संजोकर रखने वाली आध्यात्मिक स्मृतियां हैं। पूज्य स्वामी जी के सान्निध्य में परिवारजनों को प्रेम, कृतज्ञता और आपसी एकता के महत्व को समझने का अवसर मिला।

डायमंड ग्रुप्स परिवार का यह आयोजन इस संदेश का प्रतीक बना कि वास्तविक समृद्धि केवल आर्थिक उपलब्धियों में नहीं, बल्कि परिवार की एकता, आपसी सम्मान, संस्कारों और पीढ़ियों के बीच प्रेम में निहित है।

इस अवसर पर श्री घनश्याम भाई शंकर, दूला भाई शंकर, तुलसी भाई शंकर, निकुंज भाई शंकर, प्रियल शंकर, अश्विन भाई शंकर सहित लाठी और सूरत से आए शंकर परिवार के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन में गुजरात से करीब एक हजार श्रद्धालुओं ने मां गंगा के पावन तट पर पहुंचकर सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *