डीएम की पहल से पुनर्वास केंद्र की बालिकाओं को मिली शिक्षा की राह, स्कूलों में कराया गया दाखिला
पढ़ाई के साथ योग, पेंटिंग और क्राफ्टिंग का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहीं बालिकाएं
पौड़ी/कोटद्वार। कोटद्वार के सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में शिक्षा और कौशल विकास से नई उम्मीदें जग रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर केंद्र में रह रही बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। अब वे नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई कर रही हैं और अपने सुनहरे भविष्य के सपने संजो रही हैं।

दरअसल, जिलाधिकारी ने गत 18 अक्टूबर को केंद्र का निरीक्षण कर वहां रह रही बालिकाओं से संवाद किया था। इस दौरान बालिकाओं ने बताया कि वे विद्यालय नहीं जाती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए जिला परिवीक्षा अधिकारी को बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की गई और अब वे नियमित रूप से पढ़ाई कर रही हैं।
शिक्षा के साथ बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्हें योगाभ्यास, पेंटिंग और क्राफ्टिंग सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से उनकी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार किया जा रहा है।
केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट ने बताया कि बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वे पेंटिंग, क्राफ्टिंग सहित विभिन्न गतिविधियों में रुचि लेकर प्रतिभाग कर रही हैं और धीरे-धीरे इन विधाओं में दक्षता हासिल कर रही हैं। शिक्षा के साथ सीखे जा रहे ये हुनर भविष्य में उनके पुनर्वास और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
केंद्र में रह रही बालिकाओं ने बताया कि उन्हें यहां पढ़ाई जारी रखने के साथ अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। कोई सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती है तो कोई देश और समाज की सेवा करने का सपना देख रही है। बालिकाओं का कहना है कि वे शिक्षा और हुनर के बल पर अपने पैरों पर खड़ा होकर भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों को भी शिक्षा, विकास और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और कौशल संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही ऐसे अन्य बच्चों को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं, ताकि वे शिक्षा और हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।

