71.61 लाख की लागत से मोहनचट्टी में विकसित हुआ आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर, योग और पंचकर्म की मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
पहाड़ी वास्तुशैली में संवारा गया चिकित्सालय परिसर, हाईटेक योग हॉल, पंचकर्म कक्ष और हर्बल गार्डन बने आकर्षण का केंद्र
यमकेश्वर। ऋषिकेश के समीप मोहनचट्टी में आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्रामसभा जोगियाणा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को 71.61 लाख रुपये की लागत से आधुनिक आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। चिकित्सालय परिसर को पहाड़ी वास्तुशैली में नया स्वरूप देने के साथ यहां हाईटेक योग हॉल और पंचकर्म कक्ष तैयार किए गए हैं। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकसित सुविधाओं का शुभारंभ किया।

वेलनेस सेंटर में अभ्यंग, स्वेदन और शिरोधारा के साथ मर्म थेरेपी, अग्निकर्म एवं कपिंग थेरेपी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए विशेष उपचार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और पंचकर्म सहायक की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में लोगों को पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराने की योजना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योग हॉल और पंचकर्म कक्षों में आवश्यक उपकरण, स्वच्छता, बैठने तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सुविधाओं का सुव्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर्बल गार्डन को आकर्षक और व्यवस्थित रूप से विकसित करने पर भी जोर दिया है।
हर्बल गार्डन में औषधीय पौधों की मिलेगी जानकारी।
ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित मोहनचट्टी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यह वेलनेस सेंटर आसपास के गांवों के साथ ही रिजॉर्ट, कैंप और होमस्टे संचालकों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है। चिकित्सालय परिसर में विकसित किए जा रहे हर्बल गार्डन में विभिन्न औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इनके औषधीय गुणों और पारंपरिक उपयोगों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
इससे पर्यटकों को स्थानीय औषधीय वनस्पतियों को करीब से जानने और आयुर्वेद की परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा। माना जा रहा है कि यह केंद्र यमकेश्वर क्षेत्र में स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

