डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल को मिला ‘उत्तराखण्ड गौरव रत्न सम्मान’
कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के ग्राम जल्ठा (डबरालस्यूँ) निवासी अध्यापक, कवि, लेखक एवं साहित्य समीक्षक डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘उत्तराखण्ड गौरव रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

एक नवंबर 2026 को कोटद्वार स्थित टीसीजी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित समारोह में उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन समाचार चैनल ‘डिस्कवर उत्तराखण्ड 24 न्यूज’ के सौजन्य से किया गया।
समारोह में प्रदेशभर से राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली लगभग 70 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही करीब 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चैनल के मुख्य संपादक अम्बेश पन्त और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि प्रदेश की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देना और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल ने आयोजक अम्बेश पन्त, अरविन्द दोहरे तथा कोटद्वार विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

