पौड़ी

कून्तणी में सीता स्वयंवर लीला का भव्य मंचन, कलाकारों के अभिनय ने मोहा दर्शकों का मन

द्वारीखाल। आदर्श रामलीला कमेटी कून्तणी की ओर से 2 नवंबर से भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार रात सीता स्वयंवर लीला का शानदार मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय दर्शक पहुंचे। कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीरा रतूड़ी एवं कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा ग्राम प्रधान वरगड्डी विकास जुगरान, प्रधान प्रतिनिधि उत्तिंडा नीरज बलूनी, सामाजिक कार्यकर्ता सैन सिंह, कुल्हाड़ के सामाजिक कार्यकर्ता सतीश कुमार उर्फ करोड़पति तथा ग्राम प्रधान बमोली सपना रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रामलीला के प्रथम दृश्य में जनकपुरी से स्वयंवर का निमंत्रण लेकर दूत मुनि विश्वामित्र के आश्रम पहुंचा। इसके बाद मुनि विश्वामित्र भगवान राम और लक्ष्मण के साथ जनकपुरी के लिए रवाना हुए। मार्ग में अहिल्या उद्धार, पुष्प वाटिका, रावण-वाणासुर संवाद तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद का प्रभावशाली मंचन किया गया। सभी प्रसंगों को दर्शकों ने खूब सराहा।

सीता स्वयंवर के दौरान धनुष उठाने के लिए देश-विदेश से पहुंचे राजा-महाराजाओं का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। राजा जनक के मंत्री के रूप में हास्य कलाकार प्रदीप भट्ट ने अपने हास्य-विनोद से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहीं छबि राजा के पात्र ने भी अपनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।

राम के पात्र में देवेंद्र कुमार डबराल, लक्ष्मण के पात्र में विनय डबराल, सीता के पात्र में संतोष डबराल, रावण के पात्र में हेमंत सिंह, वाणासुर के पात्र में कुलदीप कुमार, राजा जनक के पात्र में भाष्कर डबराल तथा परशुराम के पात्र में वाणी विलास डबराल ने शानदार अभिनय किया।

रामलीला का गढ़वाल की संस्कृति फेसबुक पेज पर भी सीधा प्रसारण किया गया, जिसके माध्यम से दूर-दराज में रहने वाले लोगों ने घर बैठे रामलीला मंचन का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *