जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों की तैनाती छात्र संख्या के अनुपात में हो : अश्वनी चौहान
हरिद्वार। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन, जनपद हरिद्वार ने जनगणना कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित करने को लेकर जिला प्रशासन से व्यावहारिक व्यवस्था बनाने की मांग की है। संगठन के जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों की तैनाती विद्यालयों में छात्र संख्या और उपलब्ध शिक्षकों के अनुपात के आधार पर करने का अनुरोध किया गया है।

जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और शिक्षक हमेशा ऐसे दायित्वों के निर्वहन में सहयोग करते आए हैं। संगठन भी इस कार्य में पूर्ण सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन इसके साथ ही विद्यालयों में नियमित शिक्षण व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जनपद के कई प्राथमिक विद्यालयों में पहले से ही शिक्षकों की संख्या सीमित है। ऐसे में शिक्षकों को बड़ी संख्या में जनगणना ड्यूटी में लगाए जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। प्राथमिक शिक्षा बच्चों के शैक्षिक भविष्य की नींव है, इसलिए विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि जनगणना ड्यूटी लगाने से पहले प्रत्येक विद्यालय की छात्र संख्या, स्वीकृत पदों और वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा की जाए। अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता को प्राथमिकता दी जाए तथा कम शिक्षक वाले विद्यालयों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
चौहान ने स्पष्ट किया कि संगठन की मांग किसी राष्ट्रीय दायित्व के विरोध में नहीं, बल्कि जनगणना कार्य और विद्यार्थियों के शैक्षिक हितों के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगा।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष अरविंद शर्मा और जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान ने भी विद्यालयों में सुचारु शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

