पौड़ी

5 दिसंबर को होगा प्रसिद्ध बूंखाल मेला, तैयारियों का संयुक्त मजिस्ट्रेट ने लिया जायजा

पौड़ी। प्रसिद्ध बूंखाल मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 5 दिसंबर को आयोजित होने वाले मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने वाहनों के आवागमन के प्रस्तावित मार्गों, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, भंडारों के लिए निर्धारित स्थलों और दुकानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पैदल मार्ग को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही में परेशानी न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उरेडा विभाग को मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग पर पर्याप्त सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले से पूर्व तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शिवम मित्तल, एआरटीओ मंगल सिंह, तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *