23 नवंबर से शुरू होगा श्रीनगर का बैकुंठ चतुर्दशी मेला, कैबिनेट मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर रहेगा विशेष ध्यान, विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
श्रीनगर गढ़वाल। प्रसिद्ध बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आयोजन आगामी 23 नवंबर से श्रीनगर में होगा। मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नगर निगम सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, विद्युत विभाग को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को मेला स्थल, बाजार और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने सभी विभागों को मेले में अपने-अपने स्टॉल लगाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने खड़े दीये जलाने के दिन संबंधित स्थल पर अलाव की व्यवस्था करने और एक अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मंदिर की पुताई समय पर पूरी कराने और भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। स्नान स्थल पर आवश्यक सुधारीकरण कार्य कराने और फिसलन रोकने के लिए उचित इंतजाम करने को भी कहा, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित स्नान कर सकें।
स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्य टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने को कहा।
बैठक में नगर निगम महापौर आरती भंडारी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, क्षेत्राधिकारी पुलिस तपेश कुमार, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

