पेंशनरों की सुविधा के लिए नवंबर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र से लेकर स्वास्थ्य शिविर तक होंगे आयोजित
पौड़ी। जनपद में पेंशनरों की सुविधा, जागरूकता और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नवंबर माह में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने, स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने, साइबर धोखाधड़ी से बचने और पेंशन संबंधी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह ने बताया कि अभियान के तहत 1 से 7 नवंबर तक पेंशनर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, 9 से 13 नवंबर तक डोर स्टेप अभियान के माध्यम से पेंशनरों को घर पर ही जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 16 एवं 17 नवंबर को राज्य स्वास्थ्य योजना और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की जानकारी दी जाएगी। 18 एवं 19 नवंबर को निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा 21 एवं 23 नवंबर को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। 25 नवंबर को पेंशनरों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि 26 एवं 27 नवंबर को आहरण-वितरण अधिकारियों के साथ बैठक कर पेंशन संबंधी प्रकरणों और लंबित समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। वहीं, 28 एवं 30 नवंबर को पेंशनरों की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने जनपद के सभी पेंशनरों से निर्धारित कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

