बदलते शैक्षिक परिदृश्य में नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें अधिकारी: अपर निदेशक
उप शिक्षाधिकारियों की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं और शैक्षिक गुणवत्ता सुधार पर हुई चर्चा
पौड़ी। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक एवं अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गढ़वाल मंडल के उप शिक्षाधिकारियों और नवनियुक्त उप शिक्षाधिकारियों को विभागीय योजनाओं, नवीन व्यवस्थाओं तथा उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।

अपर निदेशक, गढ़वाल मंडल प्रमेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिदृश्य में अधिकारियों को सकारात्मक दृष्टिकोण और नवाचार के साथ कार्य करना चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में नई चुनौतियों और व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए समस्याओं का समाधानपरक दृष्टि से निस्तारण करना आवश्यक है। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित समीक्षा और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में वित्तीय प्रबंधन, एसएनए एवं एसएनए स्पर्श प्रणाली, आईएमएमएस पोर्टल, परख, कौशलम्, आनंदम, वीरगाथा और शिक्षा का अधिकार अधिनियम से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालयों के निरीक्षण एवं अनुश्रवण, पीएम पोषण योजना, निपुण भारत मिशन, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान तथा विद्यालयी प्रदर्शन सूचकांकों की समीक्षा की गई।
बैठक में विद्यार्थियों को निःशुल्क जूते, बैग, गणवेश और पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने की व्यवस्था के साथ विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। इनमें राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति, डॉ. शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति, श्रीदेव सुमन राज्य मेधा छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति और साइकिल योजना शामिल रहीं।
समग्र शिक्षा के अंतर्गत निर्माण कार्यों, व्यावसायिक शिक्षा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, नामांकन और विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति में सुधार से जुड़े विषयों पर भी जानकारी साझा की गई। इसके अलावा बाल वाटिका, बालिका शिक्षा, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सुविधाएं, छात्रावास, स्काउट एवं गाइड, सामुदायिक सहभागिता और पीएमश्री विद्यालयों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
कार्यशाला में उल्लास कार्यक्रम, इको क्लब, खेल अनुदान, विज्ञान गतिविधियों, मैथ्स विजार्ड, जादुई पिटारा और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को यू-डाइस और अपार आईडी सहित विभिन्न डिजिटल पोर्टल पर सूचनाओं को समयबद्ध एवं सटीक रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सुनीता सोलंकी, डायट प्राचार्य स्वराज तोमर, डायट से भारत भूषण परमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक एवं माध्यमिक) पौड़ी अंशुल बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल वर्षा भारद्वाज तथा समग्र शिक्षा से विकास नयाल, जयंती पुरोहित, रीना रावत और शालिनी रौतेला सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गढ़वाल मंडल के सभी उप शिक्षाधिकारियों ने भी कार्यशाला में प्रतिभाग किया।

