पौड़ी में कल से ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू
पौड़ी। विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत पौड़ी जिले में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। कोटद्वार रोड स्थित छतरीधार के ईवीएम-वीवीपैट गोदाम में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियर जांच करेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान ने बताया कि जांच प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों में भी जांच जारी रहेगी। यह प्रक्रिया कार्य पूरा होने तक संचालित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सामान्य एवं उप निर्वाचन में एफएलसी से प्रमाणित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का ही उपयोग किया जाता है। जांच के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार मशीनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को जांच प्रक्रिया में शामिल होने के लिए भेजने का अनुरोध किया है, ताकि निर्वाचन तैयारियों में पारदर्शिता बनी रहे और आमजन का विश्वास मजबूत हो।

