जिला योजना के कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरे करें: सीडीओ
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धरातल पर पूर्ण हो चुके कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर भुगतान करने तथा शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा।

शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला योजना एवं बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने पर जोर दिया गया।
जिला योजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने कहा कि प्रथम किश्त के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और दूसरी किश्त के लिए समय से मांग प्रस्तुत की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवंटित धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, सिंचाई, कृषि और संस्कृति विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुरूप प्रगति बढ़ाने और आगामी बैठक तक निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने के लिए कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है।
बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा में भी दिए निर्देश
बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने और प्रगति में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम के विभिन्न बिंदुओं पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, डीएसटीओ राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित डोबरिया, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

