राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा में पौड़ी के आठ स्काउट-गाइड करेंगे प्रतिभाग, 24 अक्टूबर से भोपालपानी में प्रशिक्षण
पौड़ी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा में जनपद पौड़ी गढ़वाल के आठ स्काउट-गाइड प्रतिभाग करेंगे। 24 अक्टूबर से भोपालपानी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें जनपद के प्रतिभागी स्काउट-गाइड अपनी दक्षता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

जनपद की ओर से गाइड वर्ग में प्रियाशी, आकांक्षा, अनामिका रावत, अक्षरा, तानिया चौहान और महक काला प्रतिभाग करेंगी। वहीं, स्काउट वर्ग में शिवकुमार और कपिल परीक्षा में शामिल होंगे। जिला स्काउट-गाइड सचिव केसर सिंह असवाल ने बताया कि प्रतिभागी जिला स्तर से शकुंतला बुड़ाकोटी और रूपचंद लखेड़ा के साथ परीक्षा में शामिल होंगे।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार, प्रतिज्ञा, नियम, अनुमान लगाना, मानचित्र अध्ययन, प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक विकास और मचान निर्माण सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। परीक्षा के माध्यम से इन विषयों में प्रतिभागियों के ज्ञान और दक्षता का आकलन किया जाएगा।
परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों को नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रपति पुरस्कार का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह उपलब्धि स्काउट-गाइड के लिए गौरव का विषय होगी और उन्हें समाजसेवा, अनुशासन तथा नेतृत्व क्षमता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
जनपद के प्रतिभागियों की सहभागिता पर जिला स्काउट-गाइड के मुख्य आयुक्त अत्रेश सयाना, उपायुक्त अंशुल बिष्ट, प्रशिक्षण आयुक्त मनमोहन भट्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

