अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग, 6 नवंबर को अमित शाह के उत्तराखंड दौरे पर काले झंडे दिखाने का ऐलान
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे का विरोध करने का ऐलान किया है। आंदोलनकारियों ने 6 नवंबर को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराने और कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जवाब मांगने की बात कही है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पिछले चार वर्षों से सड़क से लेकर राष्ट्रपति भवन तक आवाज उठाई जा रही है, लेकिन उनकी मांगों का समाधान अब तक नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि अंकिता को न्याय कब मिलेगा और मामले में कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई कब होगी।
जारी अपील के अनुसार, आंदोलनकारी आगामी 1 नवंबर को राष्ट्रपति तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए पहल करेंगे। इसके बाद 6 नवंबर को अमित शाह के प्रस्तावित दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
बेटियों के सम्मान की लड़ाई बताया
आंदोलनकारियों ने इस मुद्दे को उत्तराखंड की अस्मिता और बेटियों के सम्मान से जुड़ा बताते हुए छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति, पूर्व सैनिकों तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से एकजुट होने की अपील की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।

