पौड़ी

23 अक्टूबर से पौड़ी में ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच होगी

पौड़ी। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। जांच प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जांच से पहले की तैयारियों और विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि प्रथम स्तरीय जांच के लिए भारत निर्वाचन आयोग के 10 इंजीनियरों के साथ 40 श्रमिक तैनात रहेंगे। जांच प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की जांच निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया के अनुरूप की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को जांच स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और अग्निशमन विभाग को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को जांच स्थल पर स्वास्थ्य टीम तैनात करने तथा विद्युत, भवन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी, ग्रामीण निर्माण विभाग के एलपी भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, एसीएमओ डॉ. अमित मेहरा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, नगर पालिका पौड़ी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *