पौड़ी में विकसित हो रहा इको एडवेंचर पार्क, साहसिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
पौड़ी। जनपद मुख्यालय पौड़ी में इको एडवेंचर पार्क को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिला योजना के माध्यम से विकसित हो रहे इस पार्क में प्रकृति के बीच रोमांचक गतिविधियों के साथ बच्चों के मनोरंजन, परिवारों के लिए सुविधाओं और पर्यटकों के लिए आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि इको एडवेंचर पार्क को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे पर्यटकों को प्रकृति के बीच रोमांच और मनोरंजन का बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने पार्क में बच्चों के झूले, ओपन जिम, बैठने के लिए बेंच, फूल-पौधे और अन्य सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क के विकसित होने से पौड़ी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग के नीचे बनाए जा रहे टिकट काउंटर का निर्माण दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क के रास्तों पर रंग-रोगन कराने, रेलिंग लगाने, वृक्षों को आकर्षक रंगों से सजाने और खाली स्थानों पर फूल-पौधे विकसित करने को कहा। साथ ही पार्क की चहारदीवारी पर सुरक्षा के लिए कांटेदार तार लगाने और आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि परिसर को सुरक्षित और आकर्षक बनाया जा सके।
पार्क परिसर में निर्माणाधीन कैफे का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने दीवारों और फर्श को टिकाऊ बनाने तथा सीलन से बचाव के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने कैफे में लकड़ी का फर्नीचर लगाने और उसकी साज-सज्जा आकर्षक बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।
साहसिक गतिविधियों के सुरक्षित संचालन पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारियों को पौड़ी और पालकोट स्थित इको एडवेंचर पार्कों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल लगाने और बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा, ताकि प्रस्तावित गतिविधियों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा सके।
जिलाधिकारी ने पार्किंग सुविधा को बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने और संबंधित निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, जिससे पार्क का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत, पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी, संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता वीबीजीरामजी उपेंद्र शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

