सतपुली शिविर में 142 लाभार्थी चिह्नित
सतपुली। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, सतपुली में विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में 167 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 142 लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया।

शिविर में एडिप योजना के तहत 31 दिव्यांगजनों तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 111 वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरणों के लिए पात्र पाया गया। लाभार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप परीक्षण के बाद उन्हें नियमानुसार उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 18 दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए, जबकि 30 लोगों का विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) बनाने के लिए पंजीकरण किया गया। इससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने कहा कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही परीक्षण, पंजीकरण और दस्तावेज तैयार कराने की सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि चिह्नित लाभार्थियों को नियमानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, कल्जीखाल के खंड विकास अधिकारी चंद्रप्रकाश बलूनी, द्वारीखाल के खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, अंकित सिंह रावत, अमरीश सैनी और एडीओ पंचायत अरुण रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

