धुमाकोट में बच्चों को पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी
पौड़ी। राजकीय इंटर कॉलेज, धुमाकोट में मंगलवार को जिला प्रशासन एवं महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा और अपराधों की पहचान, बचाव के उपायों तथा ऐसी घटनाओं की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया गया।
लक्ष्मी रावत ने किशोर-किशोरियों को किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दर्शन कुमार सहित प्रवक्ता आरती रावत, पूनम, अनिल भारती, मदन सिंह नेगी, विपिन कुमार, विकास कुमार, संगीता ध्यानी, अजय पाल, रणजीत सिंह, राजपाल सिंह, प्रशांत कुमार, हर्ष कुमार, कुसुमलता एवं जीवन चंद्र परेरू सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

