जिला योजना समिति चुनाव: 20 पदों पर 47 नामांकन
पौड़ी। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई। जनपद में 20 पदों के सापेक्ष कुल 47 नामांकन पत्र जमा किए गए। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अब 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

सहायक निर्वाचन अधिकारी, पंचस्थानी ललित मोहन गोदियाल ने बताया कि पौड़ी नगरपालिका के एक पद के लिए दो, श्रीनगर नगर निगम के एक पद के लिए पांच, कोटद्वार नगर निगम के पांच पदों के लिए नौ तथा जिला पंचायत क्षेत्र के 13 पदों के लिए 31 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 14 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक अभ्यर्थी अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। इसके बाद 16 अक्टूबर को पूर्वाह्न आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन अपराह्न तीन बजे से मतगणना शुरू होगी और मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच सहित निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाएं विकास भवन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी। जिला योजना समिति का निर्वाचन उत्तराखंड जिला योजना समिति अधिनियम, 2007 एवं उत्तराखंड जिला योजना समिति नियमावली, 2010 के प्रावधानों के तहत कराया जा रहा है।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। सभी संबंधित पक्षों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना होगा।

