पौड़ी

विकास भवन में तीन दिवसीय प्रशासनिक कार्यशाला शुरू

पौड़ी। जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में मंगलवार को डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया प्रशासनिक अकादमी (एटीआई), नैनीताल के सहयोग से तीन दिवसीय प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने किया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक नियमों, प्रक्रियाओं तथा कार्यदायित्वों की व्यावहारिक जानकारी देकर उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना और शासकीय कार्यों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्मिकों में नियमों की बेहतर समझ विकसित होती है और कार्यक्षेत्र में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समाधान तलाशने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी संभागियों से सक्रिय सहभागिता, खुली परिचर्चा और अनुभवों के आदान-प्रदान पर जोर देते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग दैनिक शासकीय कार्यों में करने का आह्वान किया।

तीन दिवसीय कार्यशाला की रूपरेखा के अनुसार, पहले दिन 13 अक्टूबर को सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 और लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला के दूसरे दिन 14 अक्टूबर को पदोन्नति, चयन वेतनमान, वेतन निर्धारण, प्रोन्नत व समयमान वेतनमान, एसीपी एवं एमएसीपी जैसे सेवा संबंधी विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं अंतिम दिन 15 अक्टूबर को आपदा प्रबंधन और इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) पर क्षमता विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम दिन सूचना के अधिकार पर चर्चा करते हुए सीडीओ ने पारदर्शिता और जवाबदेही को सुशासन का मुख्य आधार बताया और निर्धारित समयसीमा में सही सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कार्यशाला में एटीआई नैनीताल के अपर कार्यक्रम निदेशक अनूप बमोला ने कहा कि अकादमी का लक्ष्य प्रशिक्षण को जनपद स्तर तक पहुंचाकर जमीनी अधिकारियों की दक्षता बढ़ाना है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान बीजीआर परिसर पौड़ी के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश रावत ने सुशासन, आरटीआई अधिनियम व अपीलीय प्राधिकरणों के संबंध में तकनीकी व कानूनी जानकारियां साझा कीं, जबकि अधिवक्ता रंजना डे ने भी महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं पर विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वजल के परियोजना प्रबंधक दीपक रावत ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर परियोजना निदेशक विवेक उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, उरेडा के परियोजना प्रबंधक चंद्रप्रकाश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *