ताराकुंड को पर्यटन मानचित्र पर चमकाने की तैयारी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की पदयात्रा
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के पौराणिक एवं धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन और तीर्थाटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से प्रयास शुरू हो गए हैं। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पारंपरिक पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। इस दौरान आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई, जहां मंत्री ने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

तीर्थाटन सर्किट से जुड़ेगा ताराकुंड
मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने ऐलान किया कि ताराकुंड के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पौराणिक मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी स्थित राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, देवलगढ़ स्थित राजराजेश्वरी देवी मंदिर, कमलेश्वर महादेव और मां धारी देवी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़कर एक भव्य तीर्थाटन सर्किट का हिस्सा बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों ने रखी विकास की मांगें
खुली चर्चा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने ताराकुंड के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं को लेकर कई अहम सुझाव रखे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क संपर्क को सुचारू बनाने, ताराकुंड झील का सौंदर्यीकरण करने, विश्राम गृह व ध्यान केंद्र के निर्माण के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की मांग की। मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए अधिकारियों को जल्द ही कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

