जनता दर्शन में 20 शिकायतें, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान पेयजल, सड़क, विद्युत, पेंशन, किसान सम्मान निधि और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित 20 शिकायतें सामने आईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की।

जनता दर्शन में विकासखंड दुगड्डा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकरण नहीं होने की शिकायत पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। कांडई गांव में सीवर का गंदा पानी अधिक मात्रा में बहने की समस्या पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नाली निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, दोमटखाल मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कपर की मरम्मत दुर्घटना की आशंका को देखते हुए शीघ्र कराने को कहा गया।
पेयजल संबंधी शिकायतों पर ग्राम नौली में बाधित जलापूर्ति के मामले में जल निगम को स्थलीय निरीक्षण कर प्राक्कलन प्रस्तुत करने तथा जामणाखाल पेयजल योजना से जुड़े दुर्गाकोट, कमेड़ा सहित अन्य गांवों में आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए। विधवा पेंशन नहीं मिलने, सहकारी समितियों के सेवानिवृत्त सचिवों के ग्रेच्युटी एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों और किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने से संबंधित शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
यमकेश्वर क्षेत्र में जंगली जानवरों के आतंक की शिकायत पर वन विभाग को संवेदनशील स्थानों पर पिंजरे लगाने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए। पट्टी कफोलस्यूं में ग्रामीण सड़कों पर झाड़ी कटान के संबंध में लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सर्वे के बाद आगामी सप्ताह से कार्य शुरू किया जाएगा। पयासू गांव में ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी विद्युत विभाग ने दी।
इसके अलावा संगलाकोटी सड़क निर्माण के कारण भूधंसाव से क्षतिग्रस्त पुश्ते और पुलिया की मरम्मत के लिए स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें तथा किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी न होने दें।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीडीओ रमेश चंद, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

