चौबट्टाखाल शिविर में 102 दिव्यांगजन और बुजुर्ग चिह्नित
चौबट्टाखाल/पौड़ी गढ़वाल। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चौबट्टाखाल में विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 102 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया।

शिविर में 13 दिव्यांगजनों को एडिप योजना, जबकि 89 वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया। लाभार्थियों की आवश्यकताओं के अनुसार आगामी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पात्रता के आधार पर उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों के दस्तावेज तैयार करने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान तीन दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए, जबकि 15 यूडीआईडी कार्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई। इससे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों को योजनाओं से जोड़ने, सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित करने और जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं, ज्येष्ठ प्रमुख पोखड़ा प्रदीप रावत, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ एकेश्वर सौरभ हांडा, बीडीओ पोखड़ा सूर्यप्रकाश शाह, एडीओ समाज कल्याण पोखड़ा नवीन रावत, एकेश्वर के अमरीश सैनी, अभिषेक पोखरियाल, अरविंद गुसाईं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

