मासूम शर्मा के कार्यक्रम को रद्द करने की मांग, CAU को सौंपा ज्ञापन
देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को विभिन्न सामाजिक एवं जन संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं और युवाओं ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के रायपुर स्थित कार्यालय पहुंचकर कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने CAU के अधिकारियों के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि मासूम शर्मा के पूर्व कार्यक्रमों को लेकर उत्तराखंड में विवाद सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पूर्व कार्यक्रम में उनके द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देने के साथ उत्तराखंड के युवाओं तथा महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया था।
सामाजिक कार्यकर्ता मोहित डिमरी ने कहा कि विरोध किसी प्रदेश के कलाकार के खिलाफ नहीं है। उत्तराखंड में सभी कलाकारों का स्वागत है, लेकिन उनके अनुसार मासूम शर्मा के गीतों में हिंसा, गन कल्चर, गाली-गलौज और फूहड़ता को बढ़ावा देने वाली सामग्री मौजूद है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रवृत्तियों को उत्तराखंड में बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मोहित डोभाल के माध्यम से CAU अध्यक्ष दीपक मेहरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 1 अक्टूबर को प्रस्तावित मासूम शर्मा के कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्यक्रम रद्द किए जाने की घोषणा नहीं की गई, तो 1 अक्टूबर को बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता रायपुर स्टेडियम पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में मोहित डिमरी, आशीष नौटियाल, कनिष्क जोशी, आर. पैन्यूली, गगन बौड़ाई, अक्षय पुरोहित सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
